न्यूयार्क। न्यूयॉर्क के ला गार्डिया एयरपोर्ट पर सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया, जहां एयर कनाडा एक्सप्रेस का एक विमान जमीन पर मौजूद वाहन से टकरा गया। इस टक्कर में कई लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना के तुरंत बाद हवाई अड्डे पर अफरा-तफरी मच गई और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
फ्लाइट-ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटराडार24 के अनुसार, हादसे के बाद एयरपोर्ट पर बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान चलाया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अमेरिकी विमानन नियामक फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) ने हवाई अड्डे पर सभी विमानों के परिचालन पर रोक लगाते हुए ‘ग्राउंड स्टॉप’ का आदेश जारी कर दिया। एफएए के नोटिस में बताया गया कि आपातकालीन स्थिति के कारण उड़ानों को रोका गया है और इस पाबंदी को आगे भी बढ़ाया जा सकता है।
सोशल मीडिया पर इस घटना के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो में देखा जा सकता है कि दुर्घटना के बाद यात्रियों को विमान से सुरक्षित बाहर निकाला जा रहा है। एक वीडियो में यह भी दिखाई दिया कि जैसे ही यात्री विमान से नीचे उतरे, विमान का अगला हिस्सा असंतुलित होकर ऊपर की ओर उठ गया।
फिलहाल प्रशासन ने घायलों की सटीक संख्या और विमान को हुए नुकसान के बारे में आधिकारिक विवरण साझा नहीं किया है। हवाई अड्डा अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है ताकि टक्कर के कारणों का पता लगाया जा सके। इस आपात स्थिति के कारण सैकड़ों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।