रायपुर में दर्दनाक हादसा: निर्माणाधीन पानी टंकी में डूबने से डेढ़ साल के मासूम की मौत

रायपुर। राजधानी के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत अमलीडीही में रविवार को एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। यहां घर में ही बन रही पानी की टंकी में डूबने से डेढ़ वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। इस हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार, अमलीडीही स्थित महात्मा गांधी नगर गली नंबर 01 में एक घर के भीतर पानी टंकी का निर्माण कार्य चल रहा था। रविवार को मृतक बच्चे इराज साहू की मां काम पर गई हुई थी और बच्चा अपनी दादी के पास था। घर में खेलने के दौरान मासूम अचानक निर्माणाधीन पानी टंकी के पास पहुंच गया और अनियंत्रित होकर उसमें गिर गया।

काफी देर तक जब बच्चा दिखाई नहीं दिया, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान परिजनों ने बच्चे को पानी की टंकी के भीतर डूबा हुआ पाया। आनन-फानन में मासूम को इलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही राजेंद्र नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। पुलिस की प्राथमिक जांच में यह हादसा सुरक्षा संबंधी लापरवाही के कारण होना प्रतीत हो रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि निर्माण कार्यों के दौरान बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *