बीजापुर सीआरपीएफ कैंप हमला मामला: एनआईए ने अदालत में दाखिल की सप्लीमेंट्री चार्जशीट

जगदलपुर। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने वर्ष 2024 में बीजापुर जिले के धर्मावरम स्थित सीआरपीएफ कैंप पर हुए माओवादी हमले के मामले में सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल कर दी है। इस हमले में सुरक्षा बल के लगभग एक दर्जन जवान घायल हुए थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 16 जनवरी 2024 को माओवादियों ने बीजापुर के धर्मावरम, चिंतावागु और पामेड स्थित सीआरपीएफ कैंपों पर एक साथ समन्वित हमला किया था। इस घटना में करीब 300 माओवादी शामिल थे जिन्होंने सुरक्षा बलों को निशाना बनाया था। एनआईए द्वारा पेश की गई इस पूरक चार्जशीट में गिरफ्तार किए गए तीन माओवादियों अवलम भीमा, मदकम नंदा और मदकम देवा उर्फ रतन के नाम शामिल हैं। इसके साथ ही तीन फरार आरोपियों को भी इसमें नामजद किया गया है।

इन सभी आरोपियों के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (यूएपीए), भारतीय दंड संहिता, आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उल्लेखनीय है कि एनआईए इस मामले में पहले भी 17 माओवादियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। इस ताजा कार्रवाई के माध्यम से जांच एजेंसी ने हमले से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य और आरोपों को अदालत के समक्ष प्रस्तुत किया है। इसे माओवादी गतिविधियों पर शिकंजा कसने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *