बिलासपुर में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर प्रशासन का शिकंजा, छापेमारी में 126 घरेलू सिलेंडर जब्त

बिलासपुर। कलेक्टर की सख्त चेतावनी के बाद भी शहर में गैस सिलेंडरों की जमाखोरी और कालाबाजारी का खेल जारी है। जिला प्रशासन ने अवैध भंडारण पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कोनी और सिरगिट्टी क्षेत्र के किराना स्टोर और किचन केयर केंद्रों पर छापेमारी की। इस दौरान 126 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए हैं। जांच टीम को मौके से गैस निकालने के उपकरण भी मिले हैं, जिसके बाद दोषियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम लगातार दूसरे दिन सक्रिय रही। इससे पहले बुधवार को भी विभिन्न स्थानों से 72 सिलेंडर जब्त किए गए थे। प्रशासन और गैस वितरक दावा कर रहे हैं कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय स्तर पर तकनीकी समस्याओं के कारण उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। गैस एजेंसियों में पहुंचने वाले लोगों को ऑनलाइन बुकिंग की सलाह दी जा रही है, जबकि उपभोक्ताओं का आरोप है कि टोल फ्री नंबर पर संपर्क नहीं हो पा रहा है। सर्वर डाउन होने की वजह से न तो ऑनलाइन बुकिंग हो रही है और न ही ओटीपी मिल पा रहा है। इस तकनीकी गड़बड़ी के कारण गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी कतारें लग रही हैं और उपभोक्ता परेशान होकर दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *