युवक की खून से लथपथ मिली लाश , पुलिस जांच में जुटी

राजेश जैन, रायगढ़। जिला मुख्यालय से लगे ग्राम खैरपुर के सीतापुर बस्ती में शुक्रवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस शव को अपने कब्जे में लेते हुए अस्पताल भेज दिया है। वहीं कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामला कोतरा रोड थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार शहर के भगवानपुर का रहने वाला तिलक वर्मा 23 साल, गुरूवार की रात साढ़े 9 बजे घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। तिलक के देर रात तक नहीं लौटने पर चिंतित परिजन उसकी पतासाजी में जुटे हुए थे। इसी बीच शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे खैरपुर गांव के सीतापुर बस्ती में उसका शव मिलने की सूचना लोगों ने पुलिस को दी। घटना की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गई और आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक युवक नशे का आदी बताया जा रहा है। मृतक के चेहरे पर पत्थर से कुचलने के निशान मिले हैं। फिलहाल कोतरा रोड पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौप दिया है। वहीं पुलिस द्वारा ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री को सुलझाने आस पास लगे सीसी टीवी फुटेज खंगाले जा रहे है तथा कुछ संदेहियो को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *