ग्राम पंचायत की आवश्यकता, मांग और उपयोगिता पर आधारित होंगे कार्य – रोक्तिमा

वीबीजीरामजी के अंतर्गत प्रस्ताव तैयारी से लेकर कार्य पूर्णता तक विस्तृत दिशा निर्देश जारी

कोरिया, 03 जुलाई 2026/ गत एक जुलाई से पूरे देश की तर्ज पर कोरिया जिले में भी वीबीजीरामजी योजना ग्रामीण लागू हो गई है। विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका के लिए गांरटी मिशन ग्रामीण के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में होने वाले कार्यों के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। राज्य कार्यालय से जारी निर्देशों के अनुक्रम में कलेक्टर कोरिया रोक्तिमा यादव ने पूरे जिले में कार्य की मांग के आधार पर प्रत्येक पंजीकृत श्रमिक को रोजगार की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश जारी कर दिए हैं। जिला पंचायत सीईओ डाॅ आशुतोष चतुर्वेदी ने वीबीजीरामजी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु ग्राम पंचायतों में कार्याें के चिन्हांकन से लेकर ग्राम सभा की अनुमति, तकनीकी प्राक्कलनों को तैयार करने में जारी समस्त निर्देशों का अक्षरशः पालन किए जाने हेतु जनपदों को पत्र जारी कर दिया है।

पूर्व स्वीकृत कार्यों की पूर्णता
जिले के सभी ग्राम पंचायतों में पहले से अकुशल रोजगार के लिए चल रही मनरेगा योजना के अंतर्गत पूर्व से स्वीकृत अनेक कार्य प्रगतिरत हैं। इन सभी अपूर्ण कार्य को प्राथमिकता देते हुए पूर्ण कराया जाना है। खासकर जिले भर में चल रहे मिट्टी मूलक कार्य, आजीविका तालाब, डबरी, वृक्षारोपण, नर्सरी एवं आंगनबाड़ी निर्माण कार्यों को मास्टर रोल जारी कर कार्य पूर्ण कराया जाएगा।

प्रधानमंत्री आवास योजना प्राथमिकता
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने जिले में प्रगतिरत सभी प्रधानमंत्री आवास योजना के आवास निर्माण कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण कराने के निर्देश देते हुए जिले में हितग्राहियों के मैप जाब कार्ड के आधार पर प्रत्येक हितग्राही की लंबित मजदूरी हेतु शेष सभी दिवस के मास्टर रोल शीघ्र जारी किए जाने के निर्देश दिए हैं।

भूजल संरक्षण एवं संवर्धन
सभी ग्राम पंचायतों में वर्षा जल संरक्षण के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा ने भूजल पुनर्भरण एवं प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन से जुड़े प्रत्येक कार्य को अविलंब शुरू करने संबंधी निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत जिले में स्वीकृति अनुसार रिचार्ज शाफ्ट, इंजेक्शन वेल, पर्कोलेशन टैंक एवं स्ट्रैगरड ट्रेंच कार्यों को प्राथमिकता देते उन्होने कहा है कि जल दूत ऐप से प्राप्त डाटा का एनालिसिस करे जहां जल स्तर कम हुआ है वहां शासकीय भवनों हेतु रूफ वाटर हार्वेस्टिंग स्वीकृत किया जाए ।

मूलभूत संरचना निर्माण का सही समय
बारिश के दौरान स्वीकृत आंगनबाड़ी केंद्र, मुक्तिधाम ,पीडीएस भवन, स्कूल किचन शेड एवं ग्रामीण स्व-सहायता समूहों हेतु आजीविका शेड निर्माण जैसे कार्यो में अभिसरण की प्राथमिकता रखते हुए कार्यों की स्वीकृति के प्रस्ताव तैयार कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत चयनित ग्राम पंचायतों में स्वच्छता संबंधी कार्यों को अभिसरण से पूरा कराए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं।

पर्यावरण संरक्षण कार्य जरूरी
जिले की हरीतिमा को बचाए रखने के लिए सीएलएफ के माध्यम से पौधारोपण, ट्रीगार्ड निर्माण से फेंसिंग कराए जाने तथा प्रत्येक सीएलएफ के माध्यम से कम से कम 50 हजार फलदार पौधों का उत्पादन कार्य देने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश देते हुए श्रीमती रोक्तिमा ने कम से कम 6 हेक्टेयर भूमिखंड चयनित कर न्यूनतम चार स्थानों पर वृहद स्तर पर रेशम कीट उत्पादन करने हेतु पौधारोपण कार्य प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं। यह प्राथमिकता क्रम रोजगार सृजन, जल संरक्षण एवं ग्रामीण विकास को गति देने में सहायक होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *