वेदांता पावर प्लांट हादसा: घायल एक और श्रमिक ने तोड़ा दम, मृतकों की संख्या बढ़कर 23 हुई

सक्ती। वेदांता पावर प्लांट हादसे में मृतकों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। हादसे में गंभीर रूप से घायल एक और श्रमिक की इलाज के दौरान मौत हो गई है। मृतक की पहचान सुब्रोतो जेना, निवासी पश्चिम बंगाल, के रूप में हुई है। उन्होंने मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

इस ताजा मौत के बाद वेदांता प्लांट हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 23 हो गई है। इससे पहले भी कई श्रमिक गंभीर रूप से झुलसने के कारण अस्पताल में भर्ती थे, जिनमें कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है। प्रशासन को आशंका है कि मृतकों का आंकड़ा आगे भी बढ़ सकता है।

गौरतलब है कि 14 अप्रैल को सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर लाइन में जोरदार विस्फोट हुआ था। हादसे के वक्त प्लांट में काम कर रहे दर्जनों मजदूर गर्म भाप और आग की चपेट में आ गए थे। शुरुआती रिपोर्ट में मृतकों की संख्या 10 बताई गई थी, जो बाद में लगातार बढ़ती गई। हालिया रिपोर्ट्स में यह संख्या 20 तक पहुंच चुकी थी।

मिली जानकारी के अनुसार, विस्फोट हाई प्रेशर स्टीम लाइन फटने की वजह से हुआ, जहां तापमान लगभग 700 डिग्री सेल्सियस बताया गया। इस कारण कई श्रमिक बुरी तरह झुलस गए थे।

घटना के बाद राज्य सरकार ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। वहीं मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे की घोषणा भी की गई है। प्रधानमंत्री राहत कोष और राज्य सरकार की ओर से आर्थिक सहायता देने की बात कही गई है।

फिलहाल अस्पताल में कई घायलों का इलाज जारी है और पूरे मामले की जांच तेज कर दी गई है। हादसे ने औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *