अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उन दावों की हवा निकल गई है जिनमें उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य पर पूर्ण नियंत्रण की बात कही थी। ईरानी नौसेना और टैंकरों ने अमेरिकी चक्रव्यूह को पूरी तरह ध्वस्त करते हुए समंदर में बड़ी कामयाबी हासिल की है। फाइनेंशियल टाइम्स की एक चौंकाने वाली रिपोर्ट के अनुसार ईरान के करीब 34 टैंकर अमेरिकी नाकाबंदी को चकमा देकर अपनी मंजिल की ओर बढ़ चुके हैं। अमेरिका ने ईरान की आर्थिक कमर तोड़ने के लिए 13 अप्रैल से जिस सख्त नाकाबंदी को लागू किया था उसे ईरान ने महज कुछ ही दिनों में बेअसर कर दिया है। इन जहाजों में से 19 टैंकर खाड़ी से बाहर निकलने में सफल रहे हैं जबकि 15 अन्य जहाजों ने अरब सागर से खाड़ी में प्रवेश कर लिया है जिससे साफ है कि अमेरिकी पाबंदी अब कागजी साबित हो रही है।
ट्रांसपोंडर बंद कर निकला अरबों का तेल और सुपरटैंकर डोरेना
ईरान ने इस बार तकनीकी होशियारी दिखाते हुए अमेरिकी रडार को पूरी तरह अंधा कर दिया है। ईरान के विशालकाय सुपरटैंकर डोरेना ने अपना ट्रांसपोंडर बंद कर दिया जिससे उसकी लोकेशन ट्रैक करना नामुमकिन हो गया और वह चुपचाप अमेरिकी नौसेना के नाक के नीचे से गुजर गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड से कम कीमत पर बिकने के बावजूद ईरान ने इस ऑपरेशन के जरिए करीब 910 मिलियन डॉलर का राजस्व सुनिश्चित कर लिया है। वॉर्टेक्सा के डेटा के मुताबिक अकेले 6 जहाजों में ही 10.7 मिलियन बैरल कच्चा तेल लदा था जिसने 17 से 20 अप्रैल के बीच अमेरिकी घेराबंदी को तोड़ा है। अमेरिका और इजरायल के खिलाफ युद्ध की आशंकाओं के बीच ईरान का यह कदम वैश्विक राजनीति में वाशिंगटन के दबदबे के लिए बहुत बड़ी चुनौती माना जा रहा है।