नेपाल से पकड़ाया खुद को पुष्पा बताने वाला टीएमसी नेता जहांगीर खान, बंगाल एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को एक बहुत बड़ी कामयाबी मिली है। काफी दिनों से फरार चल रहे तृणमूल कांग्रेस (TMC) के विवादित नेता जहांगीर खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बंगाल एसटीएफ की टीम ने जहांगीर खान को पड़ोसी देश नेपाल से दबोचा है। आपको बता दें कि जहांगीर खान ने फालता विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। चुनाव प्रचार के दौरान दिए गए उनके बयानों को लेकर वह काफी लंबे समय तक सुर्खियों और विवादों में बने हुए थे।

खुद को बताया था पुष्पा, कहा था- झुकूंगा नहीं

चुनाव प्रचार के दौरान जहांगीर खान का एक वीडियो बहुत वायरल हुआ था। इसमें उन्होंने फिल्मी अंदाज में खुद को ‘पुष्पा’ बताते हुए कहा था कि वह किसी के आगे झुकेंगे नहीं। उनके इस तेवर की काफी चर्चा हुई थी। सिर्फ यही नहीं, उत्तर प्रदेश के चर्चित आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा और जहांगीर खान के बीच के कनेक्शन को लेकर भी सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों में खूब बातें हुई थीं। पुलिस को काफी समय से इस टीएमसी नेता की तलाश थी, लेकिन वह लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। आखिरकार एसटीएफ ने जाल बिछाकर उसे नेपाल बॉर्डर के पास से धर दबोचा।

हाईकोर्ट से नहीं मिली थी राहत, दर्ज हैं पांच मामले

जहांगीर खान की मुश्किलें तब और बढ़ गईं जब बीते दिनों कलकत्ता हाई कोर्ट ने उनकी अंतरिम सुरक्षा यानी गिरफ्तारी पर रोक की अवधि को आगे बढ़ाने से साफ इनकार कर दिया था। कोर्ट से झटका मिलने के बाद से ही उन पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही थी। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, 4 मई को चुनाव के नतीजे आने के बाद से जहांगीर खान के खिलाफ अलग-अलग थानों में कुल 5 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज किए गए थे। इन मामलों में कार्रवाई से बचने के लिए वह नेपाल भाग गया था, जहां से अब बंगाल पुलिस की स्पेशल टीम उसे वापस लेकर आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *