रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी में राजनीतिक पारा एक बार फिर चढ़ गया है। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने सत्तापक्ष को सीधे शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर राज्य सरकार ने अपने तौर-तरीके नहीं सुधारे, तो साल 2028 के चुनाव में कांग्रेस सत्ता में वापसी करेगी और बिगड़ी हुई व्यवस्थाओं को पूरी तरह पटरी पर लाएगी।
रायपुर स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान डॉ. महंत ने कहा कि सरकार की कार्यशैली निराशाजनक है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा, “समय रहते सुधर जाएं तो बेहतर होगा, वरना आगामी चुनाव के बाद हमारी सरकार आएगी और हम एक-एक व्यवस्था में सुधार करेंगे।”
अविश्वास प्रस्ताव के दौरान घिरी सरकार
अविश्वास प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री के जवाब को लेकर नेता प्रतिपक्ष ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यदि अविश्वास प्रस्ताव वाकई कमजोर था, तो फिर सरकार को उसका जवाब देने में 10 घंटे का लंबा समय क्यों लगाना पड़ा? उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की एक भी बड़ी उपलब्धि बताने के बजाय पूरा समय पिछली भूपेश बघेल सरकार की आलोचना करने में ही व्यर्थ कर दिया।
मंत्रियों के कामकाज और भ्रष्टाचार पर बोला हमला
मंत्रिमंडल के सदस्यों पर सीधा निशाना साधते हुए डॉ. महंत ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राज्य में धान, कोयला, शराब और रेत के कारोबार में क्या खेल चल रहा है, इसकी पूरी जानकारी उनके पास है। उन्होंने कहा कि मंत्री अपनी ‘दुकानदारी’ बंद करके आम जनता की समस्याओं पर ध्यान दें।
NEET परीक्षा और पेपर लीक का मुद्दा
NEET परीक्षा में सामने आई कथित धांधलियों पर बोलते हुए महंत ने राहुल गांधी के राष्ट्रव्यापी अभियान का पूरा समर्थन किया। उन्होंने आंकड़े पेश करते हुए दावा किया कि 2014 के बाद से देश भर में करीब 152 बार पेपर लीक की घटनाएं हो चुकी हैं। यह स्थिति केवल प्रशासनिक नाकामी नहीं, बल्कि पूरी शिक्षा व्यवस्था पर एक बड़ा सवालिया निशान है। उन्होंने दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई और प्रभावित विद्यार्थियों को उचित क्षतिपूर्ति देने की मांग की।