चारामा-अनूप वर्मा
। नेशनल हाईवे 30 पर रतेसरा बरपारा मोड़ के पास बीती रात एक भीषण और दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार और लापरवाही पूर्वक चल रहे माजदा वाहन ने स्कूटी सवार दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। इस जबरदस्त टक्कर में स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार चारामा नगर के दो होनहार युवकों की असमय मौत हो गई। इस हृदय विदारक घटना के बाद से पूरे चारामा नगर में मातम पसरा हुआ है।
रतेसरा मोड़ के पास हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 18 मई की रात करीब 11:30 बजे की है। चारामा निवासी इंद्र किरी (उम्र 20 वर्ष, पिता स्वर्गीय वीरेंद्र किरी) अपने दोस्त मुजिम खान (पिता अमजद खान) के साथ एक्टिवा स्कूटी (क्रमांक CG 05 AS 9200) पर सवार होकर रतेसरा की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे रतेसरा बरपारा मोड़ के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे माजदा वाहन (क्रमांक CG 07 CJ 9146) के चालक ने वाहन को बेहद तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए स्कूटी को साइड से जोरदार टक्कर मार दी।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में इंद्र किरी और मुजिम खान के सिर, हाथ, पैर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) चारामा ले जाया गया। जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन सिर और शरीर पर आई गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान ही इंद्र किरी ने दम तोड़ दिया। वहीं, मुजिम खान की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें तुरंत हायर सेंटर रेफर किया गया था, जहाँ उन्होंने भी दम तोड़ दिया। दोनों ही मृतक युवक चारामा नगर के ही रहने वाले थे।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही चारामा पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक इंद्र किरी के परिजनों की शिकायत पर चारामा थाना में माजदा वाहन के चालक के खिलाफ लापरवाही पूर्वक वाहन चलाकर दुर्घटना करने का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय नागरिकों ने हाईवे पर लगातार बढ़ रहे हादसों और तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग प्रशासन से की है।
दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार माजदा ने स्कूटी को मारी टक्कर, दो युवकों की मौत, नगर में शोक की लहर

19
May