खरोरा, 11 मई 2026 :- पीएम श्री भरत देवांगन शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी-अंग्रेज़ी माध्यम विद्यालय खरोरा में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय योजना अंतर्गत कक्षा पहली प्रवेश हेतु ऑनलाइन लॉटरी प्रक्रिया गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। विद्यालय परिसर में आयोजित इस प्रक्रिया में पालकों एवं शाला प्रबंधन समिति सदस्यों की उपस्थिति में पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ लॉटरी निकाली गई।
विद्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार कक्षा पहली प्रवेश हेतु कुल 68 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए थे। दस्तावेज सत्यापन एवं जांच प्रक्रिया उपरांत 15 आवेदन निरस्त किए गए, जबकि 53 आवेदन पात्र पाए गए। पात्र आवेदनों में से उपलब्ध 50 सीटों के लिए ऑनलाइन लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।
ऑनलाइन लॉटरी प्रक्रिया जिला प्रतिनिधि अंजुम रहमान की उपस्थिति में संपन्न हुई। इस अवसर पर विद्यालय प्राचार्य रजनी मिंज, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ठाकुर, वरिष्ठ व्याख्याता शाहिना परवीन, नगर पंचायत उपाध्यक्ष सुमित सेन, सांसद प्रतिनिधि दुलेश साहू, संजीव देवांगन, गुरजीत कौर भाटिया, सहित शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, पालकगण एवं विद्यालयीन शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
पूरी प्रक्रिया को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न किया गया, जिससे उपस्थित पालकों में संतोष एवं विश्वास का वातावरण देखने को मिला।
विद्यालय प्राचार्य रजनी मिंज, अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ठाकुर एवं नगर पंचायत उपाध्यक्ष सुमित सेन ने चयनित विद्यार्थियों एवं उनके पालकों को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए आगामी शैक्षणिक सत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
स्वामी आत्मानंद कक्षा पहली प्रवेश हेतु ऑनलाइन लॉटरी प्रक्रिया संपन्न

11
May