फीफा वर्ल्ड कप 2026 में दिखेगा नोरा फतेही का जलवा, टोरंटो के मंच पर मचाएंगी धमाल

बॉलीवुड की ‘डांसिंग क्वीन’ नोरा फतेही ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। नोरा अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का परचम लहराने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। खबर है कि फीफा वर्ल्ड कप 2026 की भव्य ओपनिंग सेरेमनी में नोरा फतेही अपनी शानदार परफॉर्मेंस देंगी। यह कार्यक्रम 12 जून को कनाडा के टोरंटो स्थित बीएमओ फील्ड (BMO Field) में होगा।

बॉलीवुड की पहली एक्ट्रेस जो रचेगी इतिहास

नोरा फतेही फीफा वर्ल्ड कप की ओपनिंग सेरेमनी में परफॉर्म करने वाली पहली बॉलीवुड अभिनेत्री बन जाएंगी। यही नहीं, वह इकलौती ऐसी भारतीय कलाकार होंगी जिन्होंने क्रिकेट और फुटबॉल दोनों के वर्ल्ड कप मंच पर अपना हुनर दिखाया है। इससे पहले वे 2022 फीफा वर्ल्ड कप और हाल ही में हुए टी20 वर्ल्ड कप में भी अपनी परफॉर्मेंस से दुनिया को दीवाना बना चुकी हैं।

तीन देशों में सजेगी फुटबॉल की महफिल

इस बार फीफा वर्ल्ड कप का आयोजन अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको मिलकर कर रहे हैं। इसी वजह से तीनों देशों में अलग-अलग ओपनिंग सेरेमनी आयोजित की जाएगी। कनाडा वाली सेरेमनी में नोरा के साथ माइकल बुब्ले और एलेसिया कारा जैसे दिग्गज विदेशी कलाकार भी नजर आएंगे। वहीं लॉस एंजिल्स (अमेरिका) में मशहूर पॉप स्टार कैटी पेरी मुख्य आकर्षण होंगी।

शकीरा की भी होगी वापसी

फुटबॉल और गानों की बात हो तो शकीरा को कैसे भुलाया जा सकता है। शकीरा ने इस वर्ल्ड कप के लिए अपने नए गाने ‘दाई दाई’ का ऐलान कर दिया है। 2010 के ‘वाका वाका’ के बाद एक बार फिर शकीरा की आवाज फुटबॉल के मैदान पर गूंजने वाली है। उनके साथ इस गाने में नाइजीरियाई सिंगर बर्ना बॉय भी दिखाई देंगे।

फीफा वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 11 जून से होगा और यह 19 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान कुल 104 रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे। टूर्नामेंट का फाइनल मैच न्यू जर्सी में होगा, जबकि पहला मैच मेक्सिको सिटी में खेला जाएगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *