जबरन लिंकिंग, कम मार्जिन और पोर्टल की बाध्यता से परेशान डीलरों ने उठाई आवाज
देशभर के खाद, बीज और कीटनाशक विक्रेताओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को एक दिन की सांकेतिक हड़ताल की। एग्रो इनपुट डीलर्स एसोसिएशन (एडा) के बैनर तले करीब 5 लाख व्यापारियों का प्रतिनिधित्व करने वाले संगठन ने प्रधानमंत्री Narendra Modi को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की।
गरियाबंद जिले में भी कृषि आदान व्यापारियों ने जिला कृषि उप संचालक के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित किया। व्यापारियों का कहना है कि पिछले 10 वर्षों से वे जबरन उत्पाद लिंकिंग, कम मार्जिन, महंगी डिलीवरी और ऑनलाइन पोर्टल की अनिवार्यता जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन अब तक ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।
ज्ञापन में प्रमुख मांगों में सब्सिडी वाले खाद के साथ गैर-जरूरी उत्पादों की जबरन लिंकिंग पर रोक, खाद की डिलीवरी सीधे बिक्री केंद्र तक सुनिश्चित करना, डीलर मार्जिन बढ़ाकर न्यूनतम 8% करना, ‘साथी’ पोर्टल को ग्रामीण विक्रेताओं के लिए वैकल्पिक बनाना और बीज नीति में स्पष्टता लाना शामिल है।
व्यापारियों ने यह भी मांग की है कि सीलबंद पैकिंग में गुणवत्ता खराब होने की स्थिति में विक्रेता को दोषी न ठहराया जाए, बल्कि निर्माता कंपनी को जिम्मेदार माना जाए।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो आने वाले समय में आंदोलन और तेज किया जा सकता है।