महासमुंद
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने नशे के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के गनियारीपाली गांव के पास नाकेबंदी कर एक पिकअप वाहन से 1 करोड़ 14 लाख 30 हजार रुपये मूल्य का गांजा बरामद किया गया है। तस्करों ने चालाकी दिखाते हुए मादक पदार्थ को पिकअप के डाले में रखे खाली कैरेटों के नीचे छिपाकर रखा था।
पुलिस टीम ने ओडिशा से छत्तीसगढ़ की सीमा में दाखिल हुए पिकअप क्रमांक MH16CD8741 को रोककर जब तलाशी ली, तो उसमें 226 किलो से अधिक गांजा बरामद हुआ। मौके से दो आरोपियों अजिनाथ आश्रु जाधव और अक्षय बारुक को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए दोनों तस्कर महाराष्ट्र के अहमदनगर के निवासी हैं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे यह खेप ओडिशा के बालिगुड़ा से लेकर महाराष्ट्र जा रहे थे। पुलिस ने गांजे के साथ ही पिकअप वाहन और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।