अक्सर रात या दोपहर का खाना खाने के बाद घरों में कुछ रोटियां बच ही जाती हैं। समझ नहीं आता कि इन बासी रोटियों का क्या किया जाए। कई बार लोग इन्हें बेमन से खा लेते हैं या फिर फेंकना पड़ता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि बची हुई रोटियों से कई टेस्टी डिश (tasty dishes) बनाई जा सकती हैं। उन्हीं में से एक है रोटी कोफ्ता करी। इस कोफ्ते का स्वाद इतना शानदार होता है कि कोई पहचान ही नहीं पाएगा कि इसे बची हुई रोटियों से बनाया गया है। आइए जानते हैं इस आसान और मजेदार रेसिपी के बारे में।

कोफ्ता और ग्रेवी बनाने के लिए जरूरी सामग्री
रोटी कोफ्ता (Roti Kofta) बनाने के लिए आपको रसोई में मौजूद कुछ बेसिक चीजों की जरूरत होगी। कोफ्ता बनाने के लिए 3-4 बची हुई रोटियां, 2-3 बड़े चम्मच बेसन, एक बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, जीरा, गरम मसाला, नमक और हरा धनिया चाहिए। वहीं इसकी मसालेदार ग्रेवी (spicy gravy) तैयार करने के लिए आपको तेल, जीरा, प्याज, अदरक-लहसुन पेस्ट, टमाटर प्यूरी, धनिया पाउडर, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और गरम मसाले की जरूरत पड़ेगी।
ऐसे तैयार करें टेस्टी और सॉफ्ट कोफ्ते
सबसे पहले बची हुई रोटियों को छोटे टुकड़ों में तोड़कर मिक्सर में दरदरा पीस लें। अब एक बड़े बर्तन में रोटी का चूरा, बेसन, कटा हुआ प्याज, हरी मिर्च, धनिया पत्ती और सभी सूखे मसाले डालकर मिला लें। थोड़ा सा पानी डालकर इसका एक ऐसा सॉफ्ट डो (soft dough) तैयार करें जिससे गोल कोफ्ते बन सकें। अब कड़ाही में तेल गरम करें और इन कोफ्तों को मीडियम आंच पर सुनहरा और क्रिस्पी होने तक फ्राई करके एक प्लेट में निकाल लें।
मसालेदार ग्रेवी में पकाएं और गरमा-गरम परोसें
अब ग्रेवी बनाने के लिए कड़ाही में तेल गरम करके जीरा चटकाएं। इसके बाद प्याज और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर अच्छे से भून लें। अब टमाटर की प्यूरी (tomato puree) और सारे पिसे हुए मसाले डालकर तब तक पकाएं जब तक मसाला तेल न छोड़ दे। ग्रेवी के लिए जरूरत के मुताबिक पानी डालें और इसे 5-7 मिनट उबलने दें। अंत में तैयार कोफ्तों को ग्रेवी में डालकर दो मिनट पकाएं ताकि कोफ्ते सॉफ्ट हो जाएं। ऊपर से हरा धनिया डालकर इसे गरमा-गरम चावल या पराठे के साथ सर्व (serve hot) करें। इस आसान कुकिंग टिप्स (cooking tips) से आपका बचा हुआ खाना भी इस्तेमाल हो जाएगा और सबको एक नई डिश भी मिल जाएगी।