कोर्ट और बैंकों में कॉपर वायर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार

बैकुण्ठपुर,कोरिया। कोरिया पुलिस ने जिला एवं सत्र न्यायालय, साकेत सदन और विभिन्न बैंकों में हुई कॉपर वायर चोरी की सिलसिलेवार घटनाओं का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में चोरी करने वाले मुख्य आरोपी और चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ियों सहित कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही, चोरी किए गए 18 एसी के कॉपर पाइप कीमत करीब 92,000 रुपये शत-प्रतिशत बरामद कर लिए गए हैं।

क्या था मामला?
28 मई 2026 से 05 जून 2026 के बीच बैकुण्ठपुर स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय, चरचा के साकेत सदन, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया शाखा से अज्ञात चोरों ने एसी से कॉपर पाइप चोरी कर लिए थे। इन वारदातों को लेकर थाना चरचा और सिटी कोतवाली बैकुण्ठपुर में क्रमश अपराध दर्ज किए गए थे। पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे के मार्गदर्शन में एक संयुक्त टीम का गठन किया गया था। पुलिस की साइबर सेल और गश्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्धों की निगरानी के आधार पर ओडगी डकईपारा निवासी देवेन्द्र कुमार रजक उर्फ दीपू को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने एक साथी अपचारी बालक के साथ मिलकर चोरी की इन चार प्रमुख घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूल ली। पुलिस ने देवेन्द्र कुमार की निशानदेही पर चोरी का सामान खरीदने वाले पटना निवासी नासिर खान, जय सिंह और अन्य कबाड़ी मोहम्मद गफ्फार को गिरफ्तार किया। इन सभी के कब्जे से चोरी किया गया माल बरामद कर लिया गया है। आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा रहा है।

सोनहत में 6 मोटरसाइकिल बरामद इसके अतिरिक्त, थाना सोनहत पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी बृज कपूर को पकड़ा, जिसकी जानकारी पर पुलिस ने ग्राम केशगवां के जंगलों से चोरी की 06 नग मोटरसाइकिल बरामद की हैं।

इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली राजेश तिवारी, थाना प्रभारी चरचा आनंद सोनी, थाना प्रभारी सोनहत विनोद पासवान, साइबर सेल की टीम तथा विभागीय अन्य पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की भूमिका महत्वपूर्ण रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *