रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों को झटका देते हुए झीरम घाटी नक्सली हमले के मास्टरमाइंड चैतू और वरिष्ठ नक्सली नेता अनंत ने अपने साथियों सहित शुक्रवार को सुरक्षा बलों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने इसे राज्य प्रशासन की बड़ी सफलता बताया और कहा कि बस्तर समेत पूरे देश से नक्सलवाद अब समाप्ति के कगार पर है।
विजय शर्मा ने कहा, “केंद्र सरकार और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से अब तक 80 प्रतिशत नक्सलवाद खत्म हो चुका है। शेष 20 प्रतिशत भी निर्धारित समयसीमा में पूरी तरह समाप्त कर दिया जाएगा।” उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने का वादा पूरा किया जा रहा है।
बस्तर 2.0 विजन पर बोलते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जल, जंगल और जमीन बस्तर के लोगों की ही रहेगी तथा बस्तर का विकास बस्तर के युवा ही करेंगे। उन्होंने प्रदेश में बढ़ती शांति और विकास की स्थिति पर संतोष जताया।
इस अवसर पर उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। जिला अध्यक्षों की नियुक्ति पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस में व्यक्ति प्रधान व्यवस्था है जबकि भाजपा में संगठन और संस्था सर्वोपरि है। जमीन गाइडलाइन दर के विरोध पर कहा कि अगर आम जनता को परेशानी है तो सुनवाई होगी, लेकिन किसी व्यक्ति विशेष के हित में कांग्रेस सड़क पर उतर रही है तो उसका कोई समाधान नहीं होगा।
दिल्ली वायु प्रदूषण पर राहुल गांधी के बयान पर पलटवार करते हुए विजय शर्मा ने कहा, “राहुल गांधी को इटली के चश्मे से नहीं, भारत के चश्मे से स्थिति देखनी चाहिए। तब उन्हें वास्तविकता समझ आएगी।”