तखतपुर। तखतपुर अनुभाग में पदस्थ प्रभारी एसडीएम नितिन तिवारी की कार्यप्रणाली को लेकर स्थानीय अधिवक्ताओं ने कड़ा विरोध प्रदर्शन किया है। अधिवक्ता संघ ने एसडीएम पर न्यायिक कार्यों में लापरवाही और मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने का आरोप लगाते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग की है।
अधिवक्ताओं का कहना है कि राजस्व मामलों में हो रही देरी के कारण पक्षकारों को आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में अधिवक्ता संघ ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर सात दिनों के भीतर तखतपुर में किसी पूर्णकालिक एसडीएम की नियुक्ति करने की मांग की है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय सीमा में प्रशासन ने उचित निर्णय नहीं लिया, तो अधिवक्ता एसडीएम कार्यालय के कामकाज का पूर्ण बहिष्कार करेंगे।
संघ के पदाधिकारियों के अनुसार, न्यायिक कार्यों में पारदर्शिता और गति लाने के लिए पूर्णकालिक अधिकारी का होना अनिवार्य है। अधिवक्ताओं के इस रुख के बाद तहसील परिसर में गहमागहमी का माहौल बना हुआ है।
दूसरी ओर, प्रभारी एसडीएम नितिन तिवारी ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यालय के सभी कार्य निर्धारित नियमों और समय सीमा के भीतर किए जा रहे हैं। फिलहाल, अधिवक्ताओं के अल्टीमेटम के बाद अब गेंद जिला प्रशासन के पाले में है।