State Bank of India यानी SBI के करोड़ों ग्राहकों के लिए जरूरी खबर सामने आई है। अगर आपको बैंक ब्रांच से जुड़ा कोई जरूरी काम करना है तो उसे आज यानी 22 मई तक निपटा लें। ऐसा इसलिए क्योंकि 23 मई से 28 मई 2026 के बीच SBI की शाखाओं में लगातार छह दिन तक कामकाज प्रभावित हो सकता है।
इसकी वजह चौथे शनिवार, रविवार, कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल और बकरीद की छुट्टियां हैं। ऐसे में कैश जमा, चेक क्लियरिंग, पासबुक अपडेट और अन्य बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ सकता है।
ऐसे प्रभावित रहेगा बैंकिंग कामकाज
23 मई को महीने का चौथा शनिवार है। इसके अगले दिन 24 मई को रविवार पड़ रहा है। RBI नियमों के अनुसार दूसरे और चौथे शनिवार को सभी बैंक बंद रहते हैं।
इसके बाद 25 और 26 मई को ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन (AISBISF) ने दो दिन की हड़ताल का ऐलान किया है। कर्मचारियों की कई मांगों को लेकर यह हड़ताल प्रस्तावित है।
वहीं 27 और 28 मई को बकरीद की छुट्टियां रहेंगी। अलग-अलग राज्यों में त्योहार की तारीख अलग होने के कारण बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी। जम्मू-कश्मीर में दोनों दिन बैंक बंद रहेंगे।
क्यों हड़ताल पर जा रहे हैं कर्मचारी?
SBI कर्मचारियों ने 16 मांगों को लेकर हड़ताल की घोषणा की है। इनमें नई भर्ती, आउटसोर्सिंग पर रोक, पर्याप्त स्टाफ नियुक्ति, मेडिकल सुविधाओं में सुधार और पेंशन संबंधी मांगें शामिल हैं।
कर्मचारी संगठन का कहना है कि बढ़ते काम के दबाव के बावजूद शाखाओं में स्टाफ की कमी बनी हुई है। इसके अलावा कर्मचारियों पर बीमा और अन्य प्रोडक्ट बेचने का दबाव भी बढ़ता जा रहा है।
ग्राहकों पर क्या असर पड़ेगा?
हड़ताल का सबसे ज्यादा असर कैश काउंटर, चेक क्लियरिंग और पासबुक अपडेट जैसी सेवाओं पर पड़ सकता है। हालांकि, ऑनलाइन बैंकिंग, UPI, मोबाइल बैंकिंग और ATM सेवाएं सामान्य रूप से चालू रहने की संभावना है। बैंकिंग विशेषज्ञों का कहना है कि ग्राहकों को जरूरी लेनदेन पहले ही पूरा कर लेना चाहिए ताकि बाद में परेशानी न हो।