पीथमपुर की औद्योगिक इकाई में जोरदार विस्फोट, तीन धमाकों से दहशत

पीथमपुर। औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर-2 स्थित रामकी एनवायरो कंपनी में मंगलवार को लगातार तीन तेज धमाके हुए, जिनकी आवाज करीब एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोटों के बाद आसपास के गांवों में भय का माहौल बन गया।

धमाकों की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि पास के तारपुरा और बजरंगपुरा गांवों में लोगों ने झटके महसूस किए। ग्रामीणों के अनुसार, कंपन इतनी तेज थी कि घरों में रखे बर्तन और टीवी तक अपनी जगह से गिर गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। शुरुआती जानकारी में किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है।

कारणों की जांच जारी
सीएसपी रवि सोनेर ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

वहीं थाना प्रभारी ओम प्रकाश अहीर के अनुसार, पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंच गया था। अभी तक किसी प्रकार की जनहानि की जानकारी नहीं मिली है और पूरे मामले की जांच जारी है। कंपनी प्रबंधन ने भी किसी नुकसान से इंकार किया है।

पहले भी विवादों में रह चुकी है कंपनी
गौरतलब है कि रामकी एनवायरो पहले भी विवादों में रह चुकी है। पिछले वर्ष भोपाल गैस त्रासदी से जुड़े जहरीले कचरे के निपटान को लेकर यह कंपनी चर्चा में आई थी।

ताजा घटना ने एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *