रायपुर। दुनिया के कुछ देशों में पैर पसार रहे खतरनाक इबोला वायरस को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार पूरी तरह सतर्क हो गई है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने इसे लेकर प्रदेश भर में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। विशेष रूप से रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर बाहर से आने वाले यात्रियों की कड़ी स्क्रीनिंग और स्वाब जांच करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि संक्रमण के किसी भी खतरे को समय रहते रोका जा सके।
स्वास्थ्य मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों या कनेक्टिंग फ्लाइट्स के जरिए आने वाले संदिग्ध लक्षणों वाले यात्रियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। एयरपोर्ट पर डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की एक विशेष टीम तैनात की जा रही है, जो थर्मल स्क्रीनिंग के साथ-साथ जरूरत पड़ने पर यात्रियों के सैंपल (स्वाब) कलेक्ट करेगी।
इसके साथ ही प्रदेश के सभी बड़े सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों को भी अलर्ट पर रहने को कहा गया है। किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड तैयार रखने और जरूरी दवाइयों का स्टॉक सुनिश्चित करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता से भी अपील की है कि वे पैनिक न हों, बल्कि सतर्क रहें और किसी भी तरह के संदिग्ध लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र को सूचित करें।