रमेश गुप्ता भिलाई। खुर्सीपार थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ताश-पत्ती के जरिए जुआ खेल रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नगदी रकम, कार, मोबाइल फोन सहित करीब 16 लाख 70 हजार 615 रुपए का मशरूका जब्त किया गया है। कार्रवाई जुआ प्रतिषेध अधिनियम एवं बीएनएस की धाराओं के तहत की गई।
खुर्सीपार थाना प्रभारी आनंद शुक्ला ने बताया कि अनुसार मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि जोन-1 सड़क-2, सेक्टर-11 स्थित एक मकान में कुछ लोग 52 पत्ती ताश के जरिए रुपए-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पांच आरोपियों को पकड़ा गया।
मौके से नगदी और वाहन जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से 92 हजार 615 रुपए नगद, 4 मोबाइल फोन, 2 कार एवं अन्य सामान बरामद किया। जब्त वाहनों की कीमत करीब 15 लाख 75 हजार रुपए बताई जा रही है। वहीं मकान मालिक के कब्जे से प्लास्टिक की टेबल, कुर्सियां और सीएफएल बल्ब भी जब्त किए गए।
आरोपियों से अलग-अलग रकम बरामद
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग नगदी रकम भी जब्त की गई। इसमें एक आरोपी से 32 हजार रुपए, दूसरे से 10 हजार रुपए, तीसरे से 27 हजार रुपए तथा चौथे से 21 हजार रुपए बरामद किए गए। सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।
इन धाराओं के तहत कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 4 और 5 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112 के तहत अपराध दर्ज किया है।
खुर्सीपार में जुआ रेड, पांच आरोपी गिरफ्तार,16 लाख 70 हजार रुपए से अधिक का मशरूका जब्त

25
May