VIP रोड पर हवाला कारोबारी के साथ फिल्मी अंदाज में 35 लाख की ठगी

Raipur Crime News : रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी में शातिर ठगों ने हवाला नेटवर्क का इस्तेमाल कर 35 लाख रुपये की बड़ी ठगी को अंजाम दिया है। ठगों ने बड़ी चतुराई से नोट के सीरियल नंबर का खेल रचा और VIP रोड पर रकम लेकर रफूचक्कर हो गए। इस सनसनीखेज वारदात का शिकार मुंबई के एक हवाला कारोबारी का कर्मचारी हुआ है।

रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में घटित इस मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार, मुंबई के बांद्रा ईस्ट निवासी करण शर्मा, जो एक हवाला कारोबारी के पास काम करता है, अपने मालिक के निर्देश पर रायपुर पहुंचा था। उसे एक पार्टी से 35 लाख रुपये कलेक्ट करने थे और फिर किसी तीसरी पार्टी को वह रकम सौंपनी थी।

सीरियल नंबर के जाल में फंसा कर्मचारी

हवाला लेनदेन में पहचान के लिए आमतौर पर किसी कम मूल्य के नोट (जैसे 10 या 20 रुपये) के सीरियल नंबर का उपयोग किया जाता है। इस मामले में भी 20 रुपये के नोट का सीरियल नंबर पहचान के तौर पर साझा किया गया था। पुलिस को आशंका है कि यह गोपनीय नंबर बीच में ही लीक हो गया। ठगों ने इसी नंबर का फायदा उठाया और कर्मचारी को झांसा देकर VIP रोड बुलाया। वहां नोट के नंबर का मिलान करने का नाटक कर 35 लाख रुपये झटके और फरार हो गए।

मिलान के दौरान खुला राज

ठगी का खुलासा तब हुआ जब कर्मचारी ने रकम सौंपने के बाद 20 रुपये के फटे हुए नोट के आधे हिस्से की फोटो अपने मालिक को व्हाट्सएप पर भेजी। जब मालिक ने अपने पास मौजूद नोट के टुकड़े से उसका मिलान किया, तो नंबर अलग निकले। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई।

तेलीबांधा थाना पुलिस अब उन मोबाइल नंबरों की जांच कर रही है, जिनसे कर्मचारी से संपर्क किया गया था। पुलिस का मानना है कि इस वारदात के पीछे हवाला नेटवर्क के ही किसी अंदरूनी व्यक्ति का हाथ हो सकता है जिसे ट्रांजैक्शन की पूरी जानकारी थी। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *