भानुप्रतापपुर
छत्तीसगढ़ के भानुप्रतापपुर में माइंस ठेकेदार अरविंद साहू के घर और दफ्तर पर जीएसटी की टीम ने शुक्रवार देर रात छापेमारी की। दिल्ली और रायपुर के अधिकारियों की संयुक्त टीम दो गाड़ियों में पहुंची और बाजारपार स्थित निवास व दल्ली रोड स्थित कार्यालय में एक साथ कार्रवाई शुरू की। करीब दो घंटे तक चली इस जांच के दौरान वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को खंगाला गया।
अरविंद साहू नीको जायसवाल ग्रुप की खदानों में ठेकेदारी का काम करते हैं। बताया जा रहा है कि टीम ने दफ्तर से एक प्रिंटर और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं। यह कार्रवाई इतनी गुप्त रखी गई थी कि स्थानीय पुलिस को भी इसकी भनक नहीं लगी। जांच खत्म होने के बाद टीम अपने साथ जब्त सामान लेकर रवाना हो गई।
उल्लेखनीय है कि अरविंद साहू के रायपुर स्थित कार्यालय पर कुछ महीने पहले भी जीएसटी विभाग ने दबिश दी थी। फिलहाल विभाग की ओर से इस छापेमारी में मिली अनियमितताओं की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। इस संबंध में जब ठेकेदार से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।