रायपुर। छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा की राष्ट्रीय सदस्य सुमित्रा दहिया का दो दिवसीय विशेष संगठनात्मक दौरा सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। उनका यह दौरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रव्यापी आह्वान “कम तेल की थाली, स्वस्थ भारत की खुशहाली” के तहत देश भर में चलाए जा रहे जागरूकता अभियान का हिस्सा था। दो दिनों के भीतर उन्होंने राज्य के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर महिलाओं को जागरूक किया और इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने की रूपरेखा तैयार की।

पहले दिन बसना में ‘चाय पर चर्चा’, लाइव कुकिंग कार्यशालाओं की तैयारी
अपने प्रवास के पहले दिन सुश्री सुमित्रा दहिया महासमुंद जिले के बसना विधानसभा क्षेत्र पहुंचीं। यहां उन्होंने स्थानीय विधायक संपत अग्रवाल और महिला मोर्चा की छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी की मौजूदगी में स्थानीय महिला कार्यकर्ताओं के साथ ‘चाय पर चर्चा’ की।

बैठक में अभियान के उद्देश्यों को स्पष्ट करते हुए सुमित्रा दहिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की मातृशक्ति से अपनी रसोई में खाद्य तेल का उपयोग कम करने की अपील की है। हमें इस संदेश को लेकर राज्य के हर घर तक जाना है। इस अभियान के तहत चिन्हित स्थानों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे और कम तेल में स्वादिष्ट भोजन बनाने के गुर सिखाने के लिए ‘लाइव कुकिंग कार्यशाला’ (Live Cooking Workshop) आयोजित की जाएगी।”

उन्होंने आगे बताया कि भोजन में तेल की अधिक मात्रा उच्च कोलेस्ट्रॉल, हाई ब्लड प्रेशर, मोटापा और दिल से जुड़ी गंभीर बीमारियों (हृदय रोग) का मुख्य कारण बनती है। सेहतमंद रहने के लिए खान-पान की आदतों में बदलाव लाना बेहद जरूरी है।
दूसरे दिन धरसींवा में संवाद, महिलाओं ने लिया ‘स्वस्थ राष्ट्र’ का संकल्प
दौरे के दूसरे दिन राष्ट्रीय सदस्य सुमित्रा दहिया रायपुर जिले की धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर रहीं। यहां उन्होंने स्थानीय महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और जमीनी कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान महिलाओं को कम तेल और संतुलित आहार के फायदों के बारे में लिटरेचर भी बांटे गए।
इस मौके पर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का यह आह्वान देश के हर नागरिक के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की दिशा में एक अनुकरणीय और बड़ी पहल साबित होगा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी महिलाओं ने “कम तेल, कम ईंधन – स्वस्थ परिवार, स्वस्थ राष्ट्र” का सामूहिक संकल्प लिया।
ये वरिष्ठ नेत्रियां और पदाधिकारी रहीं उपस्थित
छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान बसना और धरसींवा में आयोजित कार्यक्रमों में मुख्य रूप से लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी, महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री शीतल नायक, पुष्पलता चौहान, मिली बैनर्जी, वंदना राठौड़, प्रतिज्ञा गुप्ता, तिलेश्वरी धुरंधर, रंजीता शर्मा और रजनी बिंद समेत भारी संख्या में स्थानीय महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।