भिलाई के जामुल में पुरानी रंजिश में खूनी संघर्ष, 5 आरोपी गिरफ्तार और 3 नाबालिग भी पकड़ाए

रमेश गुप्ता, दुर्ग। छत्तीसगढ़ के भिलाई से अपराध की एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जामुल थाना क्षेत्र के घासीदास नगर में पुरानी रंजिश को लेकर तीन लोगों पर डंडे और धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया। इस मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पांच मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इसके साथ ही वारदात में शामिल तीन नाबालिगों (विधि से संघर्षरत बालकों) के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की गई है।

पुरानी रंजिश में डंडे और धारदार हथियार से हमला

यह पूरी घटना 16 जून की रात करीब 8 बजे की है। जामुल के बॉम्बे आवास घासीदास नगर की रहने वाली रुखमणी मारकण्डेय ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, मोहल्ले के ही रहने वाले हर्ष साहू, दिनेश साहू, विजय यादव, परिचय यादव, मोहम्मद आसिफ और उनके साथियों ने पुराने विवाद को लेकर संतु मारकण्डेय, सतीश मारकण्डेय और दीपक साहू को घेर लिया। आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर डंडे व धारदार हथियारों से उन पर टूट पड़े। इस हमले में तीनों पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को दबोचा

पीड़ित पक्ष की शिकायत पर जामुल पुलिस ने अपराध क्रमांक 417/2026 दर्ज किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा कायम कर जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की और हमले में शामिल सभी आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने पुराने विवाद और आपसी दुश्मनी के कारण इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हमले में इस्तेमाल किया गया डंडा और धारदार हथियार भी जब्त कर लिया है।

पकड़े गए सभी आरोपी भेजे गए जेल

पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान हर्ष साहू उर्फ अंशु साहू (18 वर्ष), दिनेश साहू उर्फ दीनू (40 वर्ष), विजय यादव उर्फ करण यादव (21 वर्ष), परिचय उर्फ गुलशन यादव (20 वर्ष) और मोहम्मद आसिफ (22 वर्ष) के रूप में हुई है। ये सभी आरोपी बॉम्बे आवास घासीदास नगर, जामुल के ही रहने वाले हैं। पुलिस ने सभी पांचों बालिग आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ आगे भी ऐसी ही सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *