नई दिल्ली
शनिवार दोपहर करीब 11:42 बजे देश के अधिकतर स्मार्टफोन अचानक तेज सायरन की आवाज के साथ बजने लगे। मोबाइल स्क्रीन पर हिंदी और अंग्रेजी में एक इमरजेंसी मैसेज फ्लैश हुआ, जिसे देखकर कई लोग हैरान रह गए। असल में यह भारत सरकार के दूरसंचार विभाग और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा किया गया एक परीक्षण था।
सरकार स्वदेशी सेल ब्रॉडकास्ट सिस्टम की टेस्टिंग कर रही है ताकि भविष्य में किसी भी आपदा, जैसे चक्रवात या भूकंप के समय नागरिकों तक तुरंत जानकारी पहुंचाई जा सके। इस तकनीक को सी-डॉट ने विकसित किया है। इजरायल जैसे देश भी मिसाइल या ड्रोन हमलों की सूचना देने के लिए इसी तरह की तकनीक का इस्तेमाल करते हैं।
मैसेज में साफ तौर पर लिखा था कि यह केवल एक टेस्ट है और यूजर्स को इस पर कोई कार्रवाई करने की जरूरत नहीं है। सरकार इस सिस्टम के जरिए 19 से अधिक भाषाओं में अलर्ट भेज सकती है। अगर आप चाहें तो मोबाइल की सेटिंग में सेफ्टी एंड इमरजेंसी विकल्प पर जाकर इन टेस्ट अलर्ट को चालू या बंद भी कर सकते हैं, हालांकि सुरक्षा के लिहाज से इन्हें ऑन रखना बेहतर माना जाता है।