सुशासन तिहार 2026 : उडुमकेला क्लस्टर में जन समस्या निवारण शिविर आयोजित, 11 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने लिया हिस्सा, 1060 आवेदन प्राप्त

हिंगोरा सिंह, अंबिकापुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशन में चल रहे सुशासन तिहार 2026 के तहत मैनपाट विकासखंड के ग्राम पंचायत उडुमकेला क्लस्टर में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 11 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचे और अपनी समस्याओं व मांगों से जुड़े आवेदन प्रशासन को सौंपे।

शिविर में कुल 1060 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 1025 मांग संबंधी और 35 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल रहे। सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को तय समय-सीमा में निराकरण के निर्देश के साथ भेजा गया।

विभागीय स्टॉलों में मिली योजनाओं की जानकारी

शिविर स्थल पर शिक्षा विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, कृषि विभाग, श्रम विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, राजस्व विभाग समेत करीब 19 विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। यहां ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

कृषि विभाग ने किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड, बीज, खाद और कृषि अनुदान योजनाओं की जानकारी दी। पंचायत विभाग ने प्रधानमंत्री आवास योजना और मनरेगा से जुड़ी जानकारी साझा की। महिला एवं बाल विकास विभाग ने पोषण, आंगनबाड़ी और महिला सशक्तिकरण योजनाओं पर मार्गदर्शन दिया।

राजस्व विभाग द्वारा जाति, आय और निवास प्रमाण पत्र के आवेदन लिए गए। वहीं श्रम विभाग ने श्रमिक पंजीयन और श्रमिक कल्याण योजनाओं की जानकारी दी।

हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

शिविर में कई हितग्राहियों को सामग्री और प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। खाद्य विभाग ने नए राशन कार्ड बांटे। प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को पूर्णता प्रमाण पत्र और खुशियों की चाबी दी गई। स्वास्थ्य विभाग ने आयुष्मान कार्ड वितरित किए।

महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित हुआ। कृषि विभाग ने किसानों को हैंड स्प्रे पंप दिए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत तिरंगा आजीविका संगठन को 60 हजार रुपए का ऋण दिया गया।

अधिकारियों को दिए निर्देश

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला उपाध्यक्ष देवनारायण यादव ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य गांव स्तर पर लोगों की समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त हर आवेदन का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। शिविर में जिला पंचायत सदस्य श्लाल निर्मल कुजूर, जनपद अध्यक्ष संतोषी पैकरा, उपाध्यक्ष अनिल सिंह, एसडीएम फागेश सिन्हा सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *