खरोरा की बेटी कल्पना गेंडरे ने नेशनल कराटे चैंपियनशिप में जीता गोल्ड, विद्यालय एवं नगर का बढ़ाया गौरव

देवेंद्र पंसारी, खरोरा। पीएम भरत देवांगन शासकीय उत्कृष्ट हिंदी-अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, खरोरा की छात्रा कल्पना गेंडरे ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए नगर और विद्यालय का नाम रोशन किया है। कल्पना ने 22वीं ऑल इंडिया रेम्बुकान कराटे डो चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता 10 मई 2026 को उत्तराखंड के देहरादून में आयोजित हुई थी। प्रतियोगिता में देशभर से पहुंचे खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। कराटे कुमिते स्पर्धा में कल्पना गेंडरे ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया और गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

कल्पना की इस सफलता से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। छात्रा की उपलब्धि पर नगर खरोरा में भी गर्व महसूस किया जा रहा है। विद्यालय प्राचार्य रजनी मिंज ने छात्रा को बधाई देते हुए कहा कि कल्पना की मेहनत, अनुशासन और समर्पण अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी कल्पना राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल करेगी।

विद्यालय की वरिष्ठ व्याख्याता शाहिना परवीन ने कहा कि लगातार अभ्यास और आत्मविश्वास के दम पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। कल्पना ने अपनी मेहनत से यह साबित कर दिखाया है। उन्होंने छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।

विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी छात्रा को बधाई दी। शिक्षकों ने इसे विद्यालय के लिए गर्व का क्षण बताया। इस मौके पर संगीता नायक, रीता रानी वर्मा, रजनी त्रिपाठी, चमेली ठाकुर, जयंती साहू, अल्का मिंज, श्वेता शर्मा, तान्या भट्टाचार्य, मोंगरा साहू, नीतू यादव, प्रिया संघवी, बिजेश्वरी महिलांगे, जगदेव सिंह बंजारे, योगेंद्र त्रिपाठी समेत कई शिक्षकों ने कल्पना को शुभकामनाएं दीं। खेल प्रेमियों का कहना है कि छोटे शहरों से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना बड़ी उपलब्धि है। कल्पना गेंडरे की यह सफलता खरोरा क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *