छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में क्रिकेट प्रेमियों का लंबा इंतजार खत्म होने जा रहा है। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में 10 साल बाद आईपीएल मैचों की वापसी हुई है। रविवार, 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच होने वाले महामुकाबले के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस मैच में क्रिकेट जगत के दो दिग्गज विराट कोहली और रोहित शर्मा आमने-सामने होंगे, जिसे लेकर दर्शकों में भारी उत्साह है।
मैच के दौरान ग्लैमर का तड़का भी देखने को मिल सकता है। संभावना जताई जा रही है कि अपनी टीमों का उत्साह बढ़ाने के लिए बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा और रितिका सजदेह रायपुर पहुंच सकती हैं। इसके अलावा, मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी को सपोर्ट करने के लिए अंबानी परिवार और बॉलीवुड की अन्य प्रमुख हस्तियों के स्टेडियम पहुंचने की उम्मीद है। सेलिब्रिटीज की मौजूदगी और हाई-प्रोफाइल मैच को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुख्य सचिव विकासशील ने उच्च स्तरीय बैठक कर आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। आईजी अमरेश मिश्रा के मार्गदर्शन में डीआईजी गिरजाशंकर जायसवाल को सुरक्षा प्रभारी बनाया गया है। सुरक्षा की कमान 8 आईपीएस अधिकारियों, 20 राजपत्रित अधिकारियों और लगभग 1500 जवानों के हाथ में होगी। भीड़ को नियंत्रित करने और खिलाड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 1200 जवानों को तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त, शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए 300 से ज्यादा जवानों की अलग से ड्यूटी लगाई गई है।
10 मई के बाद 13 मई को भी रायपुर में मैच का आयोजन होगा। स्टेडियम की पिच और आउटफील्ड को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है। पुलिस प्रशासन ने दर्शकों के लिए पार्किंग और प्रवेश के संबंध में गाइडलाइन जारी कर दी है ताकि मैच के दिन किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। रायपुर का यह स्टेडियम एक बार फिर वैश्विक क्रिकेट मानचित्र पर अपनी चमक बिखेरने के लिए तैयार है।