श्रीनगर। कश्मीर घाटी में शनिवार सुबह 5.3 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के बदाखशान प्रांत में रहा। आपदा प्रबंधन अधिकारियों के अनुसार सुबह 8.24 बजे आए इस भूकंप की गहराई करीब 190 किलोमीटर दर्ज की गई।
भूकंप के झटके घाटी के कई हिस्सों में महसूस हुए, हालांकि अब तक किसी बड़े नुकसान या हताहत की खबर नहीं है। कश्मीर भूकंपीय रूप से संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है, जहां पहले भी कई विनाशकारी भूकंप आ चुके हैं।
2005 में जम्मू-कश्मीर में 7.6 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें बड़े पैमाने पर जानमाल का नुकसान हुआ था। इसके अलावा 1555 और 1885 में भी कश्मीर में भीषण भूकंप दर्ज किए गए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि इस क्षेत्र में भूकंप का खतरा लगातार बना रहता है, इसलिए भूकंपरोधी निर्माण और सतर्कता बेहद जरूरी है।