डिजिटल पुलिसिंग में दुर्ग ने रचा इतिहास: प्रदेश का पहला पूर्ण डिजिटल एफआईआर जिला बना

दुर्ग। छत्तीसगढ़ में डिजिटल पुलिसिंग को नई दिशा देते हुए दुर्ग जिला प्रदेश का पहला ऐसा जिला बन गया है, जहां प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) की पूरी प्रक्रिया अब डिजिटल माध्यम से संचालित की जा रही है। जिले के सभी विवेचक ई-साइन के जरिए एफआईआर दर्ज कर रहे हैं और अब फरियादी के डिजिटल हस्ताक्षर की प्रक्रिया भी सफलतापूर्वक शुरू हो गई है। इसके साथ ही दुर्ग ने पूर्णतः डिजिटल एफआईआर प्रणाली लागू करने का गौरव हासिल कर लिया है।

पुलिस मुख्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए ई-पेन (E-Pen) के माध्यम से थाना भिलाई नगर में एक प्रार्थी का पहला डिजिटल हस्ताक्षर (ई-साइन) सफलतापूर्वक कराया गया। इस प्रक्रिया के बाद एफआईआर के प्रत्येक चरण को डिजिटल रूप से पूरा किया गया, जिससे पूरी व्यवस्था पेपरलेस और तकनीक आधारित बन गई।

डिजिटल एफआईआर प्रणाली लागू होने से एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और समयबद्ध हो गई है। ई-साइन तकनीक के उपयोग से दस्तावेजों की प्रमाणिकता सुनिश्चित होगी, रिकॉर्ड का सुरक्षित डिजिटल संधारण संभव होगा और नागरिकों को तेज एवं सुविधाजनक पुलिस सेवा मिलेगी।

दुर्ग पुलिस का मानना है कि यह पहल केवल तकनीकी बदलाव नहीं, बल्कि नागरिक-केंद्रित पुलिस व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। डिजिटल अभिलेखों के बेहतर प्रबंधन के साथ भविष्य में पुलिस सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने में यह प्रणाली महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल का कहना है कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से पारदर्शी, प्रभावी और नागरिक-अनुकूल पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए नवाचार और डिजिटल प्रणालियों का विस्तार लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *