रायपुर/अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में ठंड का कहर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में रात का तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे ठंड और बढ़ेगी। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से कुछ हिस्सों में हल्की बारिश तथा उत्तर प्रदेश एवं आसपास बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी की संभावना है।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में तथा न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया।
अंबिकापुर क्षेत्र में ठंड से बुजुर्ग की मौत
अंबिकापुर से लगे श्रीगढ़ में नए साल की रात एक बुजुर्ग की ठंड से मौत हो गई। उनका शव पैरावट में अकड़ा हुआ मिला। कम कपड़ों में खुले में सोने से वे हाइपोथर्मिया की चपेट में आ गए। यह अंबिकापुर में ठंड से मौत का दूसरा मामला है। इससे पहले 11 दिसंबर की रात बस स्टैंड में खुले में सोए एक व्यक्ति की भी ठंड से मौत हुई थी।