CG Govt Job Alert: छत्तीसगढ़ के युवाओं को इजराइल में मिलेगी 2 लाख रुपये महीने की नौकरी, सरकार ने निकाली बंपर वैकेंसी

छत्तीसगढ़ के बेरोजगार युवाओं के लिए विदेश में सरकारी रास्ते से नौकरी पाने का सबसे बड़ा मौका आया है। भारत-इजराइल फ्रेमवर्क एग्रीमेंट (India Israel framework agreement) के तहत इजराइल में होम बेस्ड केयर गिवर (Home Based Care Giver) की बंपर भर्ती निकली है। छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास और रोजगार विभाग ने इस भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। इसके तहत कुल 3500 पदों पर नियुक्तियां होनी हैं। सबसे खास बात यह है कि इसमें चयनित युवाओं को हर महीने करीब 2,00,000 रुपये का भारी-भरकम सैलरी पैकेज मिलेगा।

रहने और खाने का खर्च भी देगी कंपनी

जिला रोजगार कार्यालय दुर्ग से मिली जानकारी के मुताबिक यह जॉब शुरुआती 2 साल के कॉन्ट्रैक्ट (job contract) पर होगी। इसे बाद में आगे भी बढ़ाया जा सकता है। युवाओं को प्रति माह लगभग 2 लाख रुपये वेतन मिलेगा। टैक्स और दूसरी जरूरी कटौतियों के बाद हाथ में 1,99,770 रुपये आएंगे। इसके साथ ही इजराइल की कंपनी की तरफ से रहने के लिए मकान और भोजन की मुफ्त सुविधा मिलेगी। फ्री मेडिकल इंश्योरेंस (Medical Insurance) के साथ ही साल में 16 दिनों की छुट्टियां भी मिलेंगी। हफ्ते में 6 दिन काम करना होगा।

कौन कर सकता है अप्लाई? जानिए जरूरी योग्यता

इस खास भर्ती के लिए सरकार ने कुछ कड़े नियम तय किए हैं। आवेदन करने वाले युवा की उम्र 25 से 45 साल के बीच होनी चाहिए। आवेदक कम से कम 10वीं पास हो और 12वीं में अंग्रेजी विषय जरूर पढ़ा हो। इसके अलावा उम्मीदवार के पास कम से कम 3 साल की वैलिडिटी वाला पासपोर्ट (Valid Passport) होना अनिवार्य है। लंबाई 1.5 मीटर और वजन 45 किलो से ज्यादा होना चाहिए।

प्रोफेशनल क्वालिफिकेशन की बात करें तो 990 घंटे का केयर गिविंग सर्टिफिकेट होना जरूरी है। अगर आपने नर्सिंग (BSc Nursing), जीएनएम (GNM), एएनएम (ANM) या फिजियोथेरेपी का कोर्स किया है, तो आप इसके लिए पूरी तरह योग्य हैं।

ऐसे होगा फाइनल सिलेक्शन

भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखी गई है। सबसे पहले युवाओं को छत्तीसगढ़ रोजगार पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन (Online Registration) करना होगा। इसके बाद सरकारी अफसर आपके दस्तावेजों की जांच करेंगे। कागजात सही पाए जाने पर आपका मेडिकल टेस्ट (Medical Exam) और पुलिस वेरिफिकेशन (Police Verification) होगा। सबसे आखिर में इजराइल के एम्प्लॉयर वीडियो कॉलिंग के जरिए इंटरव्यू लेंगे। इंटरव्यू पास करने वाले युवाओं को सीधे इजराइल जाने का मौका मिलेगा।

रोजगार विभाग ने युवाओं को दलालों से सावधान रहने की हिदायत दी है। किसी भी जानकारी के लिए आप जिला रोजगार कार्यालय दुर्ग के मालवीय नगर चौक स्थित दफ्तर जा सकते हैं या फिर उनके आधिकारिक फोन नंबर 0788-2323504 पर कॉल कर सकते हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *