पेपर लीक पर PM मोदी का वीडियो संदेश जारी, बोले-दोषियों को मिलेगी सख्त सजा, CM साय ने बताया बड़ा कदम

रायपुर। नीट पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में छात्रों के प्रदर्शन के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देर रात एक विशेष वीडियो संदेश जारी किया है। पीएम मोदी ने पेपर लीक को अत्यंत गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि यह लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के लिए बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार इस मामले पर बेहद सख्त कार्रवाई कर रही है और इसे रोकने के लिए जल्द ही कड़ा कानून (बिल) लाया जा रहा है।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि पेपर लीक की घटना के बाद बीते ढाई महीनों में त्वरित कदम उठाते हुए कई दोषियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना था कि छात्रों का शैक्षणिक वर्ष खराब न हो, इसलिए तत्काल परीक्षाएं आयोजित कराई गईं और 19 तारीख को परिणाम भी घोषित कर दिए गए।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि सरकार केवल इतने से संतुष्ट नहीं है। उन्होंने संबंधित विभागों को फास्ट ट्रैक अदालतों के गठन और सख्त सजा के प्रावधानों के साथ प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए थे, जिसे आज मंत्रिमंडल की बैठक में चर्चा के लिए रखा जाएगा।

प्रधानमंत्री के इस संदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि पेपर लीक के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सख्त कार्रवाई का संकल्प अभूतपूर्व है। इससे देशभर के युवाओं और परीक्षार्थियों में विश्वास मजबूत होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *