दुर्ग में मवेशी चोर गिरोह का पर्दाफाश: ग्रामीणों की सतर्कता से 5 आरोपी गिरफ्तार, वाहन और भैंसें जब्त

दुर्ग। अवैध पशु तस्करी और मवेशी चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अण्डा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ग्राम चिरपोटी क्षेत्र से भैंस चोरी कर वाहन के जरिए परिवहन करने वाले चार आरोपियों और एक विधि विरुद्ध बालक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई दो भैंसें और घटना में प्रयुक्त टाटा एस वाहन भी जब्त किया है।
ग्रामीणों की सतर्कता से खुला मामला
पुलिस के अनुसार 12 मई 2026 को ग्राम चिरपोटी के ग्रामीणों ने सूचना दी कि सिरसिदा खार रेलवे बोगदा पुलिया के पास से कुछ लोग भैंस और पड़िया को छोटा हाथी वाहन क्रमांक CG 04 JC 2612 में भरकर ले जा रहे हैं।
ग्रामीणों को संदेह होने पर उन्होंने बोरीगारका के पास वाहन को रोक लिया और पूछताछ की। पूछताछ में वाहन चालक और उसके साथियों ने मवेशियों को ग्राम चिरपोटी से लाना स्वीकार किया। इसके बाद तत्काल अण्डा पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही अण्डा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध क्रमांक 51/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) एवं 3(5) के तहत मामला कायम किया।
जांच के दौरान आरोपी अवतार सिंह उर्फ बाउ और भूपेन्द्र कुमार महार उर्फ छोटू से पूछताछ की गई। दोनों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर मवेशी चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने चार आरोपियों और एक नाबालिग को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय एवं किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया।
आर्थिक लाभ के लिए की जा रही थी मवेशियों की चोरी
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मवेशियों की चोरी कर उन्हें अवैध रूप से दूसरे स्थानों पर ले जाकर बेचने की योजना बना रहे थे। पुलिस के मुताबिक गिरोह आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से इस तरह की वारदात को अंजाम देता था।
चोरी की भैंसें और वाहन जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई दो भैंसों को बरामद किया है। साथ ही वारदात में प्रयुक्त टाटा एस वाहन क्रमांक CG 04 JC 2612 भी जब्त कर लिया गया है।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें
अवतार सिंह उर्फ बाउ (40 वर्ष), निवासी गडरिया पारा बजरंग चौक कुरूद, थाना जामुल,भूपेन्द्र कुमार महार उर्फ छोटू (28 वर्ष), निवासी आदर्श नगर उतई,खेमचंद उर्फ खेमू साहू (23 वर्ष), निवासी ग्राम चिरपोटी, थाना अण्डा
ऐवेन्द्र साहू उर्फ गोलू (20 वर्ष), निवासी ग्राम चिरपोटी, थाना अण्डा,एक विधि विरुद्ध बालक शामिल हैं।
पुलिस टीम की भूमिका रही अहम
पूरे मामले में सउनि सुन्दर लाल नेताम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की। टीम में सउनि राजेश साहू, प्रधान आरक्षक दिलीप राउत, आरक्षक जयप्रकाश साहू, पवन नौरंगे, रूपेश कोमा, अजय चंद्राकर, तेजेश्वर साहू और संदीप कुर्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पशु तस्करी के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध पशु तस्करी, मवेशी चोरी और अवैध परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा। उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *