पाक सेना का बड़ा एक्शन: अफगानिस्तान सीमा पर हवाई और जमीनी हमला, 30 ढेर; कराची आतंकी हमले का लिया बदला

pakistan afghanistan border clash : इस्लामाबाद। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पर तनाव चरम पर पहुंच गया है। कराची में पाकिस्तान रेंजर्स के मुख्यालय पर हुए भीषण आतंकी हमले से बौखलाई पाकिस्तानी सेना ने अफगानिस्तान बॉर्डर से सटे इलाकों में चौतरफा सैन्य कार्रवाई की है। खुफिया इनपुट के आधार पर चलाए गए इस बड़े ऑपरेशन में हवाई हमलों और जमीनी कार्रवाई के जरिए कम से कम 30 लोगों के मारे जाने की खबर है। पाकिस्तान सरकार ने इसे हालिया आतंकवादी हरकतों के खिलाफ एक निर्णायक जवाबी कार्रवाई बताया है।

यह पूरी सैन्य कार्रवाई शनिवार रात कराची के गुलिस्तान-ए-जौहर इलाके में स्थित सिंध रेंजर्स के हेडक्वार्टर पर हुए आत्मघाती हमले के बाद शुरू की गई। वहां आतंकियों ने बारूद से भरी गाड़ी को मुख्य गेट से टकरा दिया था, जिसके बाद दोनों तरफ से हुई भीषण गोलीबारी में तीन पाकिस्तानी जवान और तीन हमलावर मारे गए थे। इस हमले की जिम्मेदारी तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) से अलग हुए खूंखार गुट ‘जमात-उल-अहरार’ ने ली है। संगठन का दावा है कि उनके 9 लड़ाके इस हमले में शामिल थे।

पाकिस्तानी सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार के मुताबिक, खैबर पख्तूनख्वा, बलूचिस्तान और कराची में सुरक्षा बलों को निशाना बनाए जाने के बाद यह सुनियोजित एक्शन लिया गया है। पाकिस्तान लगातार आरोप लगाता रहा है कि अफगान तालिबान सरकार अपनी जमीन पर टीटीपी के आतंकियों को पनाह दे रही है। हालांकि, अफगानिस्तान इन आरोपों का खंडन करता आया है। दोनों देशों के बीच सीमा पर यह कोई पहला टकराव नहीं है; इससे पहले 10 जून को भी खोस्त और कुनार प्रांतों में हुए हवाई हमलों को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ चुके हैं। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर शांति वार्ताओं के दौर के बावजूद सीमा पर दोनों ओर से जारी इस गोलाबारी ने युद्ध जैसे हालात पैदा कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *