विदिशा में कथित लव जिहाद का मामला: पहचान छुपाकर शादी, धर्म परिवर्तन का आरोप, बच्चे के बाद युवक ने की दूसरी शादी

मध्यप्रदेश के विदिशा जिले से कथित लव जिहाद और जबरन धर्म परिवर्तन का एक और मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि सलीम खान नामक युवक ने पहचान छुपाकर एक हिंदू युवती से नजदीकियां बढ़ाईं, शादी की और बाद में उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया।

यह मामला विदिशा के कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। युवती का आरोप है कि शादी के बाद उसे इस्लाम कबूल करने के लिए मजबूर किया गया। इसके कुछ समय बाद वह एक बच्चे की मां बनी, लेकिन इसी दौरान आरोपी युवक ने दूसरी युवती से निकाह कर लिया।

धर्म परिवर्तन के बाद तीन तलाक का आरोप

पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दूसरी शादी के बाद उसके साथ मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना शुरू हो गई। आरोप है कि बाद में सलीम खान ने उसे तीन तलाक कहकर छोड़ दिया। युवती का यह भी कहना है कि इस पूरे मामले में धार्मिक दबाव बनाया गया और उसकी सहमति के बिना फैसले लिए गए।

हलाला कराने की कोशिश का भी आरोप

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि एक काजी द्वारा कथित रूप से हलाला कराने का प्रयास किया गया। पुलिस ने इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।

एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *