रमेश गुप्ता भिलाई। घर में भरोसे के साथ रखा गया केयर टेकर ही परिवार के लिए मुसीबत बन गया। भिलाई नगर थाना क्षेत्र के तालपुरी ए-ब्लॉक में एक केयर टेकर ने अपने मालिक के मोबाइल फोन और यूपीआई सुविधा का दुरुपयोग करते हुए चुपके से 1 लाख 67 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। मामले का खुलासा होने के बाद भिलाई नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पति के मोबाइल से करता रहा ऑनलाइन ट्रांजेक्शन
भिलाई नगर थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा ने बताया कि 8 मई को तालपुरी ए-ब्लॉक निवासी डॉ. पूर्णिमा राज कछवाहा ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि उनके घर में केयर टेकर का काम करने वाला तिरथ चौधरी उर्फ अन्नू, उनके पति के मोबाइल फोन का इस्तेमाल करता था। इसी दौरान उसने बिना जानकारी दिए यूपीआई के माध्यम से अलग-अलग ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर कुल 1.67 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने शुरू की जांच
प्रार्थिया की शिकायत पर थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 242/2026 के तहत धारा 316(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने बैंक ट्रांजेक्शन डिटेल, मोबाइल उपयोग और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की गतिविधियों की जांच की।
जांच के दौरान संदेह सीधे केयर टेकर तिरथ चौधरी पर गया। पुलिस टीम ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने रकम ट्रांसफर करने की बात स्वीकार कर ली।
गुपचुप तरीके से करता रहा रकम ट्रांसफर
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी घर के माहौल और मोबाइल की उपलब्धता का फायदा उठाकर धीरे-धीरे रकम अपने खाते में भेजता रहा ताकि किसी को तत्काल संदेह न हो। लेकिन बैंक ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड ने पूरी कहानी खोल दी।
आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल और दस्तावेज जब्त
पुलिस ने आरोपी तिरथ चौधरी उर्फ अन्नू (20 वर्ष), निवासी मनोहर मेडिकल के पीछे, अस्पताल सेक्टर भिलाई को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन एवं बैंक ट्रांजेक्शन संबंधी दस्तावेज जब्त किए गए हैं। वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
साइबर सतर्कता की भी जरूरत
इस घटना ने एक बार फिर यह साफ कर दिया है कि मोबाइल बैंकिंग और यूपीआई सुविधा का इस्तेमाल करते समय सतर्क रहना बेहद जरूरी है। घर में काम करने वाले लोगों को मोबाइल या बैंकिंग एप्स तक अनियंत्रित पहुंच देना भारी नुकसान का कारण बन सकता है।
भिलाई नगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामले का जल्द खुलासा हो सका और आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच गया।
केयर टेकर ने मालिक के मोबाइल से उड़ाए 1.67 लाख, भिलाई नगर पुलिस ने दबोचा..

09
May