भोपाल। मध्यप्रदेश में महिला आरक्षण के समर्थन में भारतीय जनता पार्टी सोशल मीडिया पर पूरी तरह सक्रिय नजर आ रही है। पार्टी की ओर से एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक के बाद एक कई पोस्ट साझा कर इसे इतिहास की नई ललकार बताया गया है। भाजपा ने अपनी पोस्ट में लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नारी शक्ति को संसद में अपना वास्तविक अधिकार मिलने जा रहा है। ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को 21वीं सदी के सबसे महत्वपूर्ण निर्णयों में से एक बताते हुए पार्टी ने कहा कि दशकों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। 16 से 18 अप्रैल तक संसद में नारी शक्ति का वंदन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया जनगणना 2027 का शुभारंभ
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास में स्व-गणना पोर्टल पर पंजीकरण कर प्रदेश में जनगणना 2027 की प्रक्रिया का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि राष्ट्र के भविष्य को सही दिशा देने वाला एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने इसे विकास की नींव बताते हुए प्रदेशवासियों से निष्ठा और सत्यता के साथ इस प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की। मुख्यमंत्री ने जोर दिया कि सही आंकड़ों के माध्यम से ही भविष्य में बेहतर स्कूल, अस्पताल और अवसर उपलब्ध कराए जा सकेंगे।
डिजिटल तकनीक से होगी गणना, 30 मई तक मकान सूचीकरण
इस बार की जनगणना पूरी तरह डिजिटल और आधुनिक तकनीक पर आधारित होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रदेश में 16 से 30 अप्रैल तक स्व-गणना का कार्य चलेगा। इसके पश्चात 1 मई से 30 मई तक मकानों के सूचीकरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सरकार का लक्ष्य इस पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और त्रुटिहीन बनाना है।
उज्जैन में महापौर की गाड़ी पर हमला
उज्जैन में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां हाईवे पर अज्ञात बदमाशों ने महापौर की गाड़ी पर हमला कर दिया। बदमाशों ने लोहे की रॉड से वाहन पर प्रहार किया, जिससे गाड़ी का कांच क्षतिग्रस्त हो गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।