जनगणना 2027 की डिजिटल शुरुआत: 7 मई से घर बैठे भरें फॉर्म, SE-ID रखें सुरक्षित

लखनऊ। देश में जनगणना 2027 की प्रक्रिया डिजिटल रूप में शुरू हो रही है। पहली बार 7 मई से लोगों को स्वगणना की सुविधा दी गई है, जिससे वे घर बैठे ऑनलाइन फॉर्म भर सकेंगे।

इस प्रक्रिया में 11 अंकों की SE-ID सबसे अहम होगी, जो ‘H’ अक्षर से शुरू होती है। यह ओटीपी नहीं, बल्कि डेटा सत्यापन की मुख्य कुंजी है। इसे सुरक्षित रखना जरूरी है और 22 मई से घर-घर आने वाले गणनाकर्मियों को ही साझा करना होगा।

स्वगणना की सुविधा 21 मई तक वैकल्पिक रूप से उपलब्ध रहेगी। जो लोग इस दौरान ऑनलाइन जानकारी नहीं भर पाएंगे, वे 22 मई के बाद घर आने वाले गणनाकर्मियों को विवरण दे सकेंगे। जनगणना सभी नागरिकों के लिए अनिवार्य है।

ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत आधिकारिक पोर्टल पर मोबाइल नंबर और नाम से पंजीकरण करना होगा। इसके बाद ओटीपी सत्यापन, पता दर्ज करना और मानचित्र पर घर चिन्हित करना जरूरी होगा। अंत में 33 सवालों की प्रश्नावली भरने के बाद SE-ID जारी की जाएगी।

अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे स्वगणना में भाग लें। यह प्रक्रिया नागरिकता का प्रमाण नहीं है, बल्कि विकास योजनाओं के लिए जरूरी डेटा जुटाने का माध्यम है। साथ ही गणनाकर्मी का पहचान पत्र जांचने की सलाह भी दी गई है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *