रतनपुर पुलिस और ACCU की बड़ी कार्रवाई, 1 करोड़ 30 लाख के गांजे के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

बिलासपुर। रतनपुर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 245 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त कार भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 करोड़ 30 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 को सूचना प्राप्त हुई थी कि एक मारुति अर्टिगा (क्रमांक CG 04 QD 7255) में भारी मात्रा में गांजा कटघोरा से मरवाही होते हुए मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में रतनपुर पुलिस और एसीसीयू की टीम ने नेशनल हाईवे नवापारा चौक के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका।
तलाशी के दौरान कार से 245 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 1 करोड़ 22 लाख रुपये बताई जा रही है। साथ ही परिवहन में प्रयुक्त कार (कीमत लगभग 8 लाख रुपये) भी जब्त की गई।
आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित कुमार केवट (33 वर्ष) के रूप में हुई है, जो शहडोल जिले के बुढार थाना क्षेत्र का निवासी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नारकोटिक एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
तस्करी का तरीका
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी गांजा को छत्तीसगढ़ से मध्यप्रदेश ले जाकर अवैध रूप से खपाने की फिराक में था। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है, जिससे तस्करी के नेटवर्क का खुलासा हो सके।
टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन, निरीक्षक अनिल अग्रवाल, एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अधिकारियों के निर्देश पर की गई त्वरित कार्रवाई से बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त करने में सफलता मिली।
………………………………………
पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *