इस्लामाबाद। पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलूचिस्तान से एक बेहद सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहाँ के हरनाई जिले में अज्ञात बंदूकधारियों ने दिनदहाड़े अंधाधुंध फायरिंग (Terrorist Attack In Balochistan) कर 5 स्थानीय लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी। इस खूनी खेल में 3 लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं। पाकिस्तानी मीडिया ‘एआरवाई न्यूज’ के मुताबिक, यह वारदात हरनाई के शहराग इलाके में हुई है, जिसके बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
आईडी कार्ड चेक करने का विरोध करने पर मारी गोली (Balochistan Identification Killing)
स्थानीय पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कुछ अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने शेख मूसा बाबा चौक के पास एक अस्थायी नाका (चौकी) बना रखा था। वहाँ से गुजरने वाले हर शख्स को रोककर वे उनके कम्प्यूटरीकृत राष्ट्रीय पहचान पत्र (CNIC Check) की जांच कर रहे थे। इसी दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने इस जबरन चेकिंग का विरोध किया।
बात इतनी बढ़ी कि हमलावरों और आम लोगों के बीच तीखी बहस हो गई। गुस्से में आकर बंदूकधारियों ने भीड़ पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। इस फायरिंग में 4 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक घायल ने क्वेटा के अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ा। मृतकों में जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम के स्थानीय नेता मौलवी जाहिद शाह भी शामिल हैं।
कराची में ऑनर किलिंग: नवविवाहित दंपती को सरेराह उतारा मौत के घाट (Karachi Honour Killing Case)
पाकिस्तान में हिंसा की यह इकलौती वारदात नहीं है। इससे पहले कराची के सऊदाबाद इलाके में भी एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया। यहाँ कोर्ट मैरिज (Court Marriage Dispute) करके लौट रहे एक नवविवाहित जोड़े की गाड़ी को रोककर बदमाशों ने गोलियों से भून दिया। कोरंगी के एसएसपी फिदा हुसैन जनवारी ने बताया कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस जांच (Police Investigation Updates) में यह साफ हुआ है कि यह मामला ऑनर किलिंग यानी झूठी शान के लिए की गई हत्या का है। मृतका ने अपने परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर लव मैरिज की थी और मलिर कोर्ट में अपना निकाहनामा पेश कर सुरक्षा की मांग की थी। जैसे ही यह जोड़ा अदालत से बाहर निकला, लड़की के रिश्तेदारों ने पीछा कर आरसीडी मैदान के पास उनकी जान ले ली। पुलिस फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।