अंबिकापुर। मैनपाट तहसील कार्यालय में विधायक और नायब तहसीलदार के बीच हुआ विवाद अब कानूनी कार्रवाई में बदल गया है। पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए सीतापुर से भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो समेत 4 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है। इसके साथ ही पुलिस ने घटना में शामिल 10 अन्य अज्ञात समर्थकों को भी आरोपी बनाया है।
शासकीय कार्य में बाधा और मारपीट का मामला दर्ज
मैनपाट तहसील कार्यालय में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी की लिखित शिकायत के बाद पुलिस ने यह बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, गाली-गलौज करने और मारपीट करने जैसी गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब इस पूरे मामले की कड़ाई से जांच कर रही है।
प्रशासनिक संघ के आक्रोश के बाद एक्शन
गौरतलब है कि इस घटना के बाद छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने बेहद कड़ा रुख अख्तियार कर लिया था। संघ ने सरगुजा कलेक्टर अजीत बसंत को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी थी कि यदि शासकीय अधिकारी के साथ बदसलूकी और मारपीट करने वालों पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई, तो पूरे प्रदेश के अधिकारी सामूहिक हड़ताल पर चले जाएंगे। इस बड़े प्रशासनिक दबाव और पुलिस जांच के बाद आखिरकार विधायक और उनके समर्थकों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।