तिरुवल्लूर। तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। गुमिडिपुंडी स्थित सिडको इंडस्ट्रियल कॉम्प्लेक्स की एक मेटल स्मेल्टिंग फैक्ट्री में भीषण धमाका हुआ। यहाँ एक बड़ा बॉयलर अचानक फट गया, जिसकी चपेट में आकर एक मजदूर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग बुरी तरह जख्मी हो गए हैं।
धमाके के बाद फैक्ट्री में लगी आग
बॉयलर फटने के बाद फैक्ट्री के अंदर भीषण आग लग गई। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही फायर और रेस्क्यू सर्विस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। गुमिडिपुंडी और आसपास के फायर स्टेशनों से पहुंची टीमों को आग पर काबू पाने में करीब 2 घंटे का कड़ा संघर्ष करना पड़ा।
घायलों को भेजा गया अस्पताल
पुलिस के अनुसार, हादसे में मारे गए मजदूर की पहचान बिहार निवासी रवि रंजन के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल 4 कर्मचारियों, भूषण कुमार, ओम कुमार, रंजीत कुमार और सिंबर सिंह को गुमिडिपुंडी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गंभीर रूप से घायल 3 अन्य कर्मचारी राजा बाबू, रणवीर कुमार और फ्रेंड्स कुमार को चेंगलपट्टू के एक निजी अस्पताल में भेजा गया है। एक कर्मचारी प्रिंस कुमार को इलाज के लिए चेन्नई के निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है कि आखिर ये बॉयलर क्यों फटा और क्या वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं।
