रायपुर। राजधानी के सदर बाजार स्थित सहेली ज्वेलर्स में कर्मचारी के साथ मारपीट और आभूषण चोरी का मामला सामने आया है। इस घटना में शोरूम संचालक और कर्मचारी दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार यह पूरी घटना सोमवार 23 मार्च की है।
शोरूम के 20 वर्षीय कर्मचारी आर्यन शर्मा ने आरोप लगाया है कि सुनील जैन और अन्य 11 लोगों ने उसे सोमवार दोपहर एक कमरे में बंद कर दिया। उसके हाथ-पैर बांधकर जेवर चोरी का आरोप लगाते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट की। दूसरी ओर, राकेश कुमार तिवारी ने कर्मचारी आर्यन शर्मा के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार आर्यन पर दो नग हीरे और एक जोड़ी सोने के टॉप्स चोरी करने का आरोप है, जिनकी कुल कीमत 6,49,702 रुपये बताई गई है।
हैरानी की बात यह है कि दोनों पक्षों ने घटना के तीन दिन बाद गुरुवार को थाने पहुंचकर अपनी रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।