पीएम किसान सम्मान निधि: 13 मार्च को किसानों के खाते में आएगी 22वीं किस्त, बलौदाबाजार में मनेगा उत्सव

रायपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त का वितरण 13 मार्च 2026 को किया जाएगा। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के अनुसार, असम के गुवाहाटी में आयोजित राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री शाम 5 बजे देशभर के करीब 9.32 करोड़ किसानों के बैंक खातों में 18 हजार 650 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित करेंगे।

इस योजना के तहत बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के एक लाख 27 हजार 544 पात्र किसानों को लाभ मिलेगा। जिले में इस अवसर को पीएम किसान उत्सव दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न ग्राम पंचायतों में किसान बैठकों का आयोजन किया जाएगा और प्रधानमंत्री के मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा।

योजना की पारदर्शिता पर जोर देते हुए प्रशासन ने बताया कि राशि सीधे किसानों के खाते में आने से बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो गई है। किसान इस राशि का उपयोग बीज, खाद और अन्य कृषि कार्यों में कर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर रहे हैं।

जिले में होगा विशेष अभियान

बलौदाबाजार-भाटापारा प्रशासन ने इस योजना के सुचारू संचालन के लिए 12 से 31 मार्च तक ग्राम पंचायत स्तर पर सेचुरेशन ड्राइव चलाने का निर्णय लिया है। इस अभियान के तहत एग्रीस्टेक पोर्टल पर फार्मर आईडी पंजीयन, ई-केवायसी, आधार सीडिंग, संदिग्ध प्रकरणों का सत्यापन एवं सुधार और पात्र किसानों का नवीन पंजीयन किया जाएगा।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *