जांजगीर: विद्यार्थियों से स्कूल की पुताई कराने और अभद्र टिप्पणी मामले में प्रभारी प्राचार्य निलंबित

जांजगीर। महात्मा ज्योतिबा राव फुले उत्कृष्ट विद्यालय, डोंगाकौहरौद के प्रभारी प्राचार्य कुंज किशोर को लोक शिक्षण संचालनालय के संचालक ऋतुराज रघुवंशी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्राचार्य पर प्रैक्टिकल परीक्षा में अंकों का लालच देकर छात्र-छात्राओं से मजदूरी कराने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के गंभीर आरोप हैं।

शिकायत के अनुसार, प्रभारी प्राचार्य ने विद्यार्थियों को बोर्ड की प्रैक्टिकल परीक्षा में 10 अंक बोनस देने का प्रलोभन दिया था। इस लालच के बदले उन्होंने छात्र-छात्राओं से विद्यालय भवन की रंगाई-पुताई का कार्य करवाया। इसके अतिरिक्त, उन पर शासन द्वारा निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलने का भी आरोप है। जब विद्यार्थियों ने अधिक फीस की रसीद मांगी, तो प्राचार्य ने उन्हें परीक्षा में देख लेने की धमकी दी।

मामले में कार्रवाई का एक मुख्य आधार प्राचार्य का वह वीडियो भी बना, जिसमें वे विद्यार्थियों के समक्ष हिंदू देवी-देवताओं के प्रति अपमानजनक टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के वायरल होने के बाद स्थानीय स्तर पर काफी रोष देखा गया था। इन सभी शिकायतों की जांच के बाद आरोपों की पुष्टि होने पर विभाग ने यह दंडात्मक कार्रवाई की है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *