बिलासपुर। रायपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे पर सकरी के पास गुरुवार और शुक्रवार की दरम्यानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सम्बलपुरी स्थित यादव ढाबा के सामने तेज रफ्तार ट्रेलर और स्कॉर्पियो के बीच हुई आमने-सामने की भिड़ंत में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। घायल को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात करीब 2 बजे ट्रेलर क्रमांक सीजी 11 बीडी 9044 सकरी-रतनपुर की ओर से रायपुर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया और ट्रेलर रॉन्ग साइड में जाकर सामने से आ रही स्कॉर्पियो क्रमांक सीजी 04 एमक्यू 4220 से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर सड़क किनारे खड़े एक अन्य वाहन को चपेट में लेते हुए पलट गया।
हादसे के बाद स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही सकरी पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा। वाहन में फंसे लोगों को निकालने के लिए गैस कटर का सहारा लेना पड़ा। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक चार लोगों की जान जा चुकी थी।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान छत्रपाल रात्रे (37 वर्ष, निवासी कुवागांव), विशाल लहरें (25 वर्ष, निवासी बिरगहनी), अनमोल लहरें (14 वर्ष, निवासी बिरगहनी) और सोनू मिरी (28 वर्ष, निवासी कोटा) के रूप में हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।